हवाई जहाज का रंग क्यों होता है सफेद, जानें वैज्ञानिक कारणों के अलावा अन्य जानकारी

हम सभी ने नीले आसमान में उड़ते हुए हवाई जहाज तो जरूर देखा होगा। उड़ते हुए सफेद रंग के एरोप्लेन में सफर करने का सपना भी जरूर देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हवाई जहाज का रंग सफेद ही क्यों होता है। हो सकता है आपने इसके बारे में सोचा भी हो, लेकिन क्या आपको इसका जवाब मिल पाया है। अगर नहीं तो आप इस लेख से इसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। हम हवाई जहाज के सफेद रंग के पीछे के वैज्ञानिक कारण के साथ ही अन्य कारक भी यहां बता रहे हैं।

वैज्ञानिक कारण
हवाई जहाज का रंग सफेद रखने का वैज्ञानिक कारण भी है जिसके कारण इसका कलर सफेद रखा जाता है। क्योंकि प्लेन ऊंचाई पर उड़ता है, जिसके कारण सूर्य की किरणें इस पर सीधा पड़ती हैं। इन किरणों में इंफ्रारेड रेज होती हैं जिससे भयंकर गर्मी पैदा होती है। ऐसे में सफेद रंग प्लेन को गर्म होने से बचाता है। सफेद रंग एक अच्छा रिफ्लेक्टर भी होता है। ये सूर्य की किरणों को 99 परसेंट तक रिफ्लेक्ट कर देता है, जिससे प्लेन गर्म नहीं होते हैं।

मेंटेनेंस और निरीक्षण में होता है मददगार
प्लेन का रंग सफेद होने की वजह से किसी भी तरह का क्रैक या दरार, डेंट आसानी से दिख जाता है। अगर प्लेन का रंग सफेद की बजाय किसी और कलर का होगा तो डेंट और दरारें आसानी से नहीं देखे जा सकते हैं, ऐसे में व्हाइट कलर प्लेन के मेंटेनेंस और निरीक्षण में मददगार साबित होता है।

आर्थिक कारण
सफेद रंग अन्य रंगो की तुलना में जल्दी खराब नहीं होता, खासकर धूप में दूसरा कोई रंग जल्द ही अपनी चमक खो बैठता है लेकिन सफेद रंग के साथ ऐसा नहीं है। जल्दी रंग उतरने के चलते इसे बार-बार पेंट करना पड़ेगा। हवाई जहाज को एक बार पेंट करने में लाखों डॉलर तक खर्च करने पड़ते हैं और ऐसे में इसे किसी और कलर से पेंट किया जाए तो कंपनी को बार-बार पेंट करवाना पड़ेगा जो कि एक्स्ट्रा आर्थिक बोझ बनेगा इसलिए कंपनियां इसका कलर सफेद ही रखती हैं।

विजिबिलिटी होती है ज्यादा
दूसरे रंगों की तुलना में सफेद रंग की विजिबिलीटी ज्यादा होती है। आसमान में सफेद प्लेन को आसानी से देखा जा सकता है, जिससे एक्सीडेंट होने से बच सकते हैं। एक अध्ययन के मुताबिक पक्षी भी आसमान में नीले या लाल रंग के विमानों के मुकाबले सफेद विमानों को आसानी से देख लेते हैं। इसके कारण वर्ड स्ट्राइक का खतरा भी कम होता है।